पुणे: दुनिया में कई ऐसे रहस्य आज भी बरकरा है जिन पर यकीन नहीं होता कि क्या सच में ऐसा हो सकता है। इन रहस्यों में एक है आसमान से मछलियों की होने वाली बारिश का। जी हां आप सोच रहे होंगे ऐसा कैसे हो सकता है लेकिन चर्चा है कि सोमवार को मुंबई-पुणे हाईवे पर मछलियों की बरसात हुई है। इस बारिश का वीडियो और तस्वीरें फेसबुक पर खूब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में डाली गई तस्वीरों में सैकड़ों लोग मुंबई-पुणे हाईवे पर पड़ी हुई मछलियां उठाते नजर आ रहे हैं।
लोगों के मुताबिक कई किलोमीटर तक इसी तरह से मछलियां सड़क पर पड़ी हुई थीं और लोगों में इन्हें उठाने की होड़ लगी हुई थी। कई तो अपनी कारों को रोक कर इन्हें उठाने के लिए आ गए। वहीं इस दौरान सड़क पर लंबा जाम भी लग गया।
हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर इस बरसात की पुष्टि स्थानीय प्रशासन की ओर से नहीं की गई है। बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, इससे पहले कई बार और दुनिया के कई इलाकों में मछलियों की बरसात हो चुकी है। जून 2015 में मछलियों की ऐसी ही बारिश आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा के गोलमुंडी गांव में भी हुई थी।
क्या कहते हैं वैज्ञानिक
इस संबंधी वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं जल स्तंभ या बवंडर के कारण होती हैं। जब बवंडर समुद्र तल को पार करते हैं तो ऐसी स्थिति में पानी के भीषण तूफान में बदल जाते हैं। इस दौरान चलने वाली हवाएं अपने साथ मछलियां, मेंढक, कछुए, केकड़े यहां तक कि कई बार घड़ियालों को भी साथ ले जाती हैं। यह जीव इस बवंडर के साथ उड़ते रहते हैं और तब तक आसमान में होते हैं, जब तक हवा की गति कम न हो जाए। जैसे ही हवा धीमी होती है और यह बवंडर जहां पहुंचता है उसके आसपास के हिस्सों में यह जीव बरसात के पानी के साथ गिरने लगते हैं।